कांकेर/नारायणपुर, 03 मई। IED Blast Tragedy : ज़िला रिज़र्व गार्ड (DRG) के 4 जवान IED ब्लास्ट में शहीद हो गए। घटनाकांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर हुई। शहीद जवानों को आज पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 2 मई को DRG की टीम छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया IED बरामद हुआ, जिसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया चल रही थी।
कैसे हुआ ब्लास्ट
IED को सुरक्षित रूप से निकालते समय वह अचानक फट गया। इस धमाके में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्णा कोमरा और कांस्टेबल संजय गढपाले मौके पर ही शहीद हो गए। घायल कांस्टेबल परमानंद कोर्राम को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई
रविवार को शहीद जवानों के पार्थिव शरीर Narayanpur पुलिस लाइन में लाए गए, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।सैकड़ों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पार्थिव शरीरों को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया।
क्षेत्र में शोक
इस घटना से पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक की लहर (IED Blast Tragedy) है। शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान ने लोगों के मन में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और मजबूत किया है।

