Jewellery Theft Case : शादीशुदा प्रेमी के लिए शोरूम से चुराए 1.66 करोड़ के गहने…! युवती नहाकर लौटी तो गायब था प्रेमी और गहने…होटल में ही बदल दिया पूरा प्लान…नई जिंदगी का सपना बना जेल की सलाखें

Jewellery Theft Case : शादीशुदा प्रेमी के लिए शोरूम से चुराए 1.66 करोड़ के गहने…! युवती नहाकर लौटी तो गायब था प्रेमी और गहने…होटल में ही बदल दिया पूरा प्लान…नई जिंदगी का सपना बना जेल की सलाखें

अहमदाबाद, 21 मई। Jewellery Theft Case : अहमदाबाद की एक ज्वैलरी शॉप में काम करने वाली हर्षिदा शेट्टी ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि जिस शख्स के लिए उसने करोड़ों रुपये के गहने चुराए, वही उसे बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो जाएगा। प्यार, भरोसे और धोखे से जुड़ी यह कहानी किसी क्राइम वेब सीरीज से कम नहीं लग रही।

पुलिस के मुताबिक, अहमदाबाद के निकोल इलाके स्थित एक ज्वैलरी शोरूम में काम करने वाली हर्षिदा शेट्टी ने 11 मई को करीब 1.66 करोड़ रुपये के गहने चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब शोरूम मालिक दर्शन भाई रोज की तरह खाना खाने घर गए थे।

यूनिफॉर्म में छिपाए गहने, CCTV में कैद हुई वारदात

जांच में सामने आया कि मालिक के जाते ही हर्षिदा ने धीरे-धीरे सोने के गहने अपनी यूनिफॉर्म में छिपाने शुरू कर दिए। पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। चोरी के बाद उसने सहकर्मियों से जरूरी काम का बहाना बनाया और शोरूम से निकल गई। कुछ देर बाद जब मालिक लौटे तो गहने गायब मिले। स्टाफ से पूछताछ और CCTV जांच के बाद चोरी का खुलासा हो गया।

शादीशुदा प्रेमी के साथ भागी

पुलिस जांच में पता चला कि हर्षिदा तलाकशुदा थी और पिछले 11 महीनों से शोरूम में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक शादीशुदा युवक से हुई, जिसके बच्चे भी थे। दोनों के बीच करीबियां बढ़ीं और पिछले चार महीनों से रिलेशनशिप में थे।

बताया जा रहा है कि युवक उसे नई जिंदगी शुरू करने के सपने दिखा रहा था। इसी भरोसे में आकर हर्षिदा ने करोड़ों की चोरी कर ली और दोनों अहमदाबाद छोड़कर फरार हो गए।

होटल में नहाने गई, लौटी तो प्रेमी गायब

पूछताछ में हर्षिदा ने बताया कि एक दिन वह होटल के बाथरूम में नहाने गई थी। जब वापस लौटी तो उसका प्रेमी कमरे से गायब था। साथ ही करोड़ों रुपये के ज्यादातर गहने भी गायब थे।

उसके पास सिर्फ करीब 18 लाख रुपये के गहने बचे थे, क्योंकि वे उसके पर्स में रखे थे। उसने प्रेमी को कई बार फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। जिस शख्स के लिए उसने सबकुछ दांव पर लगाया, वही उसे धोखा देकर फरार हो चुका था।

गहने बेचने पहुंची और पुलिस ने दबोचा

प्रेमी के फरार होने के बाद डरी हुई हर्षिदा चोरी के गहने बेचने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान मानेक चौक में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने उसके पास से करीब 18 लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। अब पुलिस उस शादीशुदा युवक की तलाश में जुटी है, जिस पर पूरी साजिश रचने और गहने लेकर फरार होने का शक है।

भरोसे का फायदा उठाकर की करोड़ों की चोरी

जांच में यह भी सामने आया कि शोरूम मालिक हर्षिदा पर काफी भरोसा करते थे। कई बार उसे गहनों के काम से बाहर भी भेजा जाता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वही कर्मचारी करोड़ों के गहने लेकर फरार हो जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

About The Author

जुर्म राष्ट्रीय