ग्वालियर, 04 जून। Justice For Women : मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एसएएफ (SAF) की 13वीं बटालियन में तैनात एक आरक्षक ने अपनी पत्नी के साथ ऐसी दरिंदगी की, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चरित्र शंका में आरोपी जवान ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसे बांधकर गर्म प्रेस से सात बार दाग दिया।
मामूली बात पर भड़का आरोपी
जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब पीड़िता रात में खाना खाने के बाद सरकारी आवास परिसर में टहलने नीचे गई थी। वहां वह कुछ महिलाओं से बातचीत करने लगी, जिसके कारण उसे घर लौटने में थोड़ी देर हो गई। बस इसी बात पर आरोपी पति का गुस्सा भड़क उठा।
घर पहुंचते ही उसने पत्नी से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। पत्नी ने देर होने की वजह पड़ोस की महिलाओं से बातचीत बताई, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी और गुस्से में मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
हाथ-पैर बांधकर किया अमानवीय अत्याचार
इसके बाद आरोपी सिपाही ने पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए और जमीन पर पटककर कपड़े प्रेस करने वाली गर्म स्त्री से शरीर को सात जगह दाग दिया। पीड़िता दर्द से चीखती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
मायके पहुंचकर सुनाई आपबीती
किसी तरह रात गुजारने के बाद पीड़िता अगली सुबह अपने मायके पहुंची। वहां उसने शरीर पर पड़े जलने के निशान दिखाए और पूरी घटना परिवार को बताई। बेटी की हालत देखकर परिजन तुरंत ग्वालियर पहुंचे और माधोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी आरक्षक गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी आरक्षक राजेंद्र परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता पूजा परिहार का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक दोनों की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और आरोपी अक्सर पत्नी के चरित्र पर शक करता था।

