मथुरा, 10 अगस्त। Lady Killer : उत्तर प्रदेश के मथुरा में पति के अपहरण और हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। गोविंदनगर थाना पुलिस ने मामले में अपहृत मनोज सोनी की पत्नी, उसकी पुत्री और पुत्री के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ओला स्कूटी भी बरामद की है। हालांकि, पुलिस अभी लापता मनोज सोनी की तलाश में जुटी हुई है।

बेटी के प्रेम संबंध का पिता कर रहा था विरोध
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आया कि मनोज सोनी की पुत्री का गणेशधाम कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय विमल चौधरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मनोज सोनी इस रिश्ते के विरोध में थे। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।
पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद से परेशान होकर मनोज सोनी की पत्नी ने अपनी पुत्री और उसके प्रेमी विमल चौधरी के साथ मिलकर मनोज के अपहरण और हत्या की साजिश रची।
18/19 अप्रैल की रात अचानक लापता हुए मनोज
पुलिस के अनुसार, 18/19 अप्रैल की रात मनोज सोनी संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद उनकी पत्नी भी घर में ताला लगाकर चली गई। काफी तलाश के बाद मनोज का कोई सुराग नहीं मिलने पर उनके भाई रामबाबू ने 11 जुलाई को गोविंदनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को मनोज की पत्नी और पुत्री की भूमिका संदिग्ध लगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर 7 अगस्त को गोविंदनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(1) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 321/2026 दर्ज किया गया।
राधापुरम तिराहे पर तीनों गिरफ्तार
थानाध्यक्ष अजय वर्मा और बिड़ला मंदिर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब 8:56 बजे मथुरा-वृंदावन मार्ग स्थित राधापुरम तिराहे पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से मनोज सोनी की पत्नी, उनकी पुत्री और विमल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रिक ओला स्कूटी भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस मनोज सोनी की तलाश और मामले की आगे की जांच में जुटी है।

