Raipur Open Drain Accident: रायपुर में दर्दनाक हादसा, खुले नाले में गिरने से 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत…मचा हड़कंप

Raipur Open Drain Accident: रायपुर में दर्दनाक हादसा, खुले नाले में गिरने से 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत…मचा हड़कंप

Raipur Open Drain Accident: रायपुर, 17 अगस्त। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महात्मा गांधी नगर वार्ड नंबर-4 में खेल रहा 4 साल का मासूम काव्यांश साहू अचानक नाले में गिर गया।

बच्चे को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।

खेलते-खेलते नाले में गिरा मासूम

जानकारी के मुताबिक काव्यांश साहू इलाके में खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक नाले में गिर गया। बच्चे के नाले में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम और पुलिस की टीम पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नाले में बच्चे की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया और तत्काल मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद काव्यांश को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

मासूम की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि हादसा अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बच्चे के नाले में गिरने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

खुले नालों ने फिर खड़े किए सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद शहर में खुले नालों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई जगह नालों को सुरक्षित तरीके से ढंकने या बैरिकेडिंग करने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। लोगों का सवाल है कि यदि नालों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते तो क्या इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था? पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

छत्तीसगढ