AI Gemini Snake Bite: बिस्तर में छिपा था जहरीला करैत, पुलिस जवान को मारा डंक; AI की मदद से मिला फर्स्ट एड, बची जान

AI Gemini Snake Bite: बिस्तर में छिपा था जहरीला करैत, पुलिस जवान को मारा डंक; AI की मदद से मिला फर्स्ट एड, बची जान

ग्वालियर, 18 अगस्त। AI Gemini Snake Bite: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सांप के काटने का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों ने आपात स्थिति में AI की मदद से प्राथमिक सावधानियों की जानकारी ली और घायल पुलिसकर्मी को समय रहते अस्पताल पहुंचाया। घटना बिजौली थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर की है।

जानकारी के मुताबिक, बिजौली थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल पूरन सिकरवार रात में अपने सरकारी क्वार्टर में सो रहे थे। इसी दौरान बिस्तर में छिपे जहरीले सांप ने उनके हाथ में दो जगह काट लिया। काटने का अहसास होते ही उन्होंने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव और थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान बिस्तर के पास सांप भी दिखाई दिया।

थाना प्रभारी ने AI से पूछा- सांप काटे तो क्या करें?

अस्पताल कुछ दूरी पर होने के कारण थाना प्रभारी ने तत्काल AI Gemini से पूछा कि हाथ में सांप के काटने पर शुरुआती तौर पर क्या सावधानी बरतनी चाहिए। AI की ओर से घायल व्यक्ति को शांत रखने और अनावश्यक रूप से हिलने-डुलने से बचाने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित दूरी से सांप की फोटो भी खींची और उसकी पहचान में मदद के लिए AI से जानकारी ली। इसके बाद बिना समय गंवाए हेड कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों को दिखाई सांप की फोटो

पूरन सिकरवार को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों को सांप की फोटो दिखाई गई। फोटो के आधार पर डॉक्टरों ने कॉमन करैत के काटने की आशंका को ध्यान में रखते हुए इलाज शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद SSP धर्मवीर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और हेड कांस्टेबल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्राथमिक उपचार के बाद पूरन सिकरवार को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

बरसात में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

बरसात के मौसम में सांपों के घरों, कमरों और सरकारी आवासों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को बिस्तर, कपड़े और जूते-चप्पल इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह जांचने की सलाह दी जाती है। हालांकि, सांप के काटने की स्थिति में AI की सलाह को डॉक्टर के इलाज का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। प्राथमिक सावधानी के बाद घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी है।

About The Author

मध्यप्रदेश