अभनपुर, 19 अगस्त। Abhanpur Nagar Palika: छत्तीसगढ़ के अभनपुर नगर पालिका में सीएमओ और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। नगर पालिका अभनपुर के सीएमओ निलेश केरकेट्टा की शिकायत पर कांग्रेस नगर पालिका अध्यक्ष उतरसेन गहिवारे के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सीएमओ ने अभनपुर थाने में लिखित शिकायत देकर अध्यक्ष पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 221 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुर्सी के भुगतान को लेकर हुआ विवाद
सीएमओ निलेश केरकेट्टा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 13 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे वे नगर पालिका अभनपुर के उप अभियंता दुशांत चौहान के साथ शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष उतरसेन गहिवारे अपने कक्ष से बाहर आए। शिकायत के मुताबिक अध्यक्ष ने अपनी निधि से खरीदी गई कुर्सी के भुगतान को लेकर सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
डंडा लेकर धमकाने का आरोप
सीएमओ ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष ने डंडा पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद अभनपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

