रायपुर, 19 अगस्त। Chhattisgarh S4C; छत्तीसगढ़ में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गृह (पुलिस) विभाग ने स्टेट साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर (S4C) का गठन किया है। यह सेंटर राज्य में साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों के लिए सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट (SPOC) के रूप में काम करेगा। S4C पुलिस मुख्यालय (PHQ) की तकनीकी सेवाएं शाखा के अधीन कार्य करेगा। राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सेंटर में दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों की पदस्थापना भी की है।
दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
शासन के आदेश के अनुसार 2008 बैच के IPS प्रशांत कुमार अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक, S4C, PHQ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे वर्तमान में पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वहीं 2010 बैच के IPS गिरिजा शंकर जायसवाल को उप पुलिस महानिरीक्षक, S4C, PHQ के पद पर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले पुलिस मुख्यालय में उप पुलिस महानिरीक्षक (तकनीकी सेवा) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
साइबर अपराध पर होगी बेहतर निगरानी
राज्य सरकार ने साइबर अपराध से जुड़ी बढ़ती गतिविधियों पर बेहतर निगरानी, समन्वय और प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से S4C का गठन किया है। यह सेंटर राज्य में साइबर अपराध से जुड़े मामलों और गतिविधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय का काम करेगा। इससे साइबर अपराध की रोकथाम, जांच और कार्रवाई को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
I4C की तर्ज पर राज्य में S4C
देश में साइबर अपराध से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) यानी भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र बनाया गया है। इसका उद्देश्य साइबर अपराध की रोकथाम और जांच के लिए केंद्र एवं राज्यों की पुलिस एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में अब State Cyber Crime Coordination Centre (S4C) का गठन किया गया है। राज्य स्तर पर यह सेंटर साइबर अपराध से संबंधित गतिविधियों के लिए समन्वय की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेगा।


