Bangladesh Hindu Family Murder: रंगपुर में 4 मर्डर का खुलासा, हत्या के बाद 7 घंटे घर में छिपे रहे आरोपी; खीरा खाया, नहाकर हुए फरार यहां देखें

Bangladesh Hindu Family Murder: रंगपुर में 4 मर्डर का खुलासा, हत्या के बाद 7 घंटे घर में छिपे रहे आरोपी; खीरा खाया, नहाकर हुए फरार यहां देखें

रंगपुर, 24 अगस्त। Bangladesh Hindu Family Murder: बांग्लादेश के रंगपुर में हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों ने रिटायर्ड स्कूल शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती की कथित तौर पर हत्या की। इसके बाद आरोपी करीब 6 से 7 घंटे तक उसी घर में छिपे रहे।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने घर में खाना खाया। उन्होंने फ्रिज से खीरा निकाला और खजूर भी खाए। इतना ही नहीं, दोनों ने कथित तौर पर उसी घर में नहाया और इसके बाद वहां से फरार हो गए।

छत पर नशा कर रहे थे आरोपी

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पड़ोसी इमारत के रास्ते गणपति चक्रवर्ती के घर की छत पर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, वहां वे याबा नामक नशीली गोली का सेवन कर रहे थे। गणपति ने छत से आवाज सुनी और दोनों से पूछताछ करने के लिए ऊपर पहुंचे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को डर था कि गणपति उन्हें पहचान लेंगे। इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर उनके गले में पड़े गमछे से उनका गला दबा दिया।

गणपति के साथ हाथापाई की आवाज सुनकर उनकी पत्नी प्रीतिलता भी ऊपर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सीढ़ियों पर कपड़े से उनका भी गला दबा दिया। इसके बाद परिवार की बेटी आगमी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम की भी हत्या कर दी गई।

बेटे की हत्या को लेकर भी सामने आया कारण

पुलिस को शक है कि 12 वर्षीय प्रियम आरोपियों में से एक के छोटे भाई अपूर्वा का दोस्त था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपियों को डर था कि प्रियम उनकी पहचान बता सकता है। हालांकि, पुलिस को परिवार की किसी के साथ पुरानी दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं मिली है।

हत्या के बाद घर में खाते-पीते रहे

पुलिस के मुताबिक, हत्या करने के बाद आरोपी तुरंत घर से बाहर नहीं निकले। वे करीब 6 से 7 घंटे तक घर के अंदर ही मौजूद रहे। जांच के दौरान पुलिस को घर में खजूर की गुठलियां और खीरे से जुड़े सबूत मिले। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने घर में नशा किया, खाना खाया और फिर वहीं नहाया। जांच के दौरान कुछ चूड़ियां भी मिलीं, जिन्हें कथित तौर पर आग में जलाने की कोशिश की गई थी। पुलिस का कहना है कि इन सबूतों ने जांच को आरोपियों तक पहुंचाने में मदद की।

बंद घर से मिले थे चारों शव

परिवार के चारों सदस्यों के शव शनिवार रात करीब 11:30 बजे उनके बंद घर से बरामद हुए थे। गणपति का शव छत पर, जबकि प्रीतिलता और आगमी के शव सीढ़ियों पर मिले। वहीं 12 वर्षीय प्रियम का शव घर के अंदर एक बिस्तर के नीचे मिला। परिवार के चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे। शनिवार रात तक परिवार से संपर्क नहीं होने पर रिश्तेदार घर पहुंचे, जिसके बाद घटना का पता चला।

मामले की जांच रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस, क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और डिटेक्टिव ब्रांच (DB) ने संयुक्त रूप से की। जांच के बाद पुलिस ने दो चचेरे भाइयों मुग्धो और सिद्धार्थ को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों से अलग-अलग और फिर आमने-सामने पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर हत्या में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

About The Author

ब्रेकिंग न्यूज़