रायपुर, 01 सितंबर। Chhattisgarh BJP President : छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में बदलाव को लेकर चल रही अटकलों पर पार्टी ने बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। प्रदेश भाजपा ने नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को निराधार बताते हुए कहा है कि प्रदेश संगठन की कमान बदलने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
प्रदेश भाजपा मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने बयान जारी कर कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों और अन्य माध्यमों में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव से जुड़ी खबरें चलाई जा रही हैं, जिनमें कोई सच्चाई नहीं है। पार्टी ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर कोई चर्चा या प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुई थीं अटकलें
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव 29 जुलाई को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद उनका दिल्ली में उपचार चला। उनकी सेहत को लेकर यह चर्चा तेज हो गई थी कि स्वस्थ होकर लौटने के बाद वे पहले की तरह तत्काल संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हो पाएंगे या नहीं।इसी के साथ सोशल मीडिया और विभिन्न राजनीतिक हलकों में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
इन नेताओं के नामों को लेकर थी चर्चा
किरण सिंह देव की जगह प्रदेश भाजपा की कमान किसी दूसरे नेता को सौंपे जाने की चर्चाओं में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व उपसभापति नारायण चंदेल और सांसद संतोष पांडेय के नाम सामने आते रहे। हालांकि, भाजपा के ताजा बयान के बाद पार्टी ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है। स्पष्ट कर दिया गया है कि प्रदेश नेतृत्व में बदलाव का कोई प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन नहीं है।
मेदांता अस्पताल से मिली छुट्टी, जल्द होंगे सक्रिय
बताया गया है कि किरण सिंह देव को मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। वे फिलहाल छत्तीसगढ़ सदन में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य में सुधार के बाद वे जल्द ही फिर से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय होंगे। भाजपा के आधिकारिक खंडन के बाद फिलहाल यह साफ हो गया है कि किरण सिंह देव के स्थान पर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रही खबरों का पार्टी ने खंडन किया है।


