आगर मालवा, 19 सितंबर। Nalkheda Car Accident: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बारिश के बाद उफनाए बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में 3 बच्चों, 2 महिलाओं और 3 पुरुषों समेत 8 लोगों की मौत हो गई।
बताया गया कि श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे। बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और कार उसकी चपेट में आकर बह गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने नाले से कार और शवों को बाहर निकाल लिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने लोगों से तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल है।

