MG Road Chowpatty Parking: अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, क्रेन और व्हील लॉक से होगी कार्रवाई; एमजी रोड चौपाटी पर शुरू हुआ बड़ा अभियान

MG Road Chowpatty Parking: अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, क्रेन और व्हील लॉक से होगी कार्रवाई; एमजी रोड चौपाटी पर शुरू हुआ बड़ा अभियान

रायपुर, 06 अक्टूबर। MG Road Chowpatty Parking: शहर के व्यस्ततम मार्ग एमजी रोड चौपाटी पर अवैध और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। नो-पार्किंग और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए पुलिस ने क्रेन और व्हील लॉक की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर यातायात अमला एमजी रोड चौपाटी क्षेत्र में विशेष कार्रवाई कर रहा है। यहां सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को परेशानी के साथ जाम का सामना करना पड़ रहा था।

कार्रवाई से पहले यातायात पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर और माइक से अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को वाहन हटाने की चेतावनी दी जा रही है। चेतावनी के बावजूद वाहन नहीं हटाने पर दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाने और चार पहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और जप्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने एमजी रोड चौपाटी आने वाले नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित न करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

About The Author

छत्तीसगढ