रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। Smriti Irani : छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के रायपुर दौरे के साथ ही पार्टी में संगठनात्मक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रविवार को उनके आगमन पर भाजपा ने बड़े स्वागत समारोह के बजाय सादगीपूर्ण व्यवस्था अपनाई। एयरपोर्ट पर केवल 16 नामित पदाधिकारी और विधायक पहुंचे। न ढोल-ताशों का आयोजन हुआ और न ही मंत्रियों को बुलाया गया। भाजयुमो की प्रस्तावित बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई। दो दिवसीय प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी प्रदेश संगठन और सरकार से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ 12 बैठकों में हिस्सा लेंगी।
बड़े स्वागत समारोह के बजाय सादगी पर जोर
प्रदेश प्रभारी के आगमन पर एयरपोर्ट में सीमित संख्या में पार्टी नेता मौजूद रहे। स्वागत के लिए संगठन की ओर से 16 पदाधिकारियों और विधायकों को नामित किया गया था। मंत्रियों को आमंत्रित नहीं किया गया और पारंपरिक तामझाम से भी दूरी रखी गई। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक मार्ग पर पार्टी के झंडे लगाए गए थे।
भाजयुमो की रैली नहीं निकली
स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा की बाइक रैली प्रस्तावित थी, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया। इसके बाद प्रदेश प्रभारी सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं। प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी उनके साथ रायपुर पहुंचे।
संगठन के अलग-अलग स्तरों से लेंगी जानकारी
25 और 26 अक्टूबर को निर्धारित 12 बैठकों में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े नेताओं के साथ संवाद होगा। पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा का कार्यक्रम है। शाम को कोर ग्रुप की बैठक भी प्रस्तावित है।
दूसरे दिन सरकार और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक
सोमवार को स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू प्रदेश के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा निगम-मंडलों और आयोगों के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों से चर्चा होगी। विचार परिवार से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी कार्यक्रम में शामिल है।
बैठकों के बाद सामने आएगी आगे की दिशा
इस दौरे में वर्तमान पदाधिकारियों के साथ पूर्व नेताओं और जनप्रतिनिधियों को शामिल करना संगठन के विभिन्न स्तरों से संवाद की व्यापक कवायद का हिस्सा है। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। हालांकि, किसी नए पदाधिकारी की नियुक्ति या बड़े बदलाव को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

