Bhilai Steel Plant: भिलाई में सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान बोरी में मिला सड़ा हुआ कटा सिर! मचा हड़कंप; पहचान की कोशिश

Bhilai Steel Plant: भिलाई में सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान बोरी में मिला सड़ा हुआ कटा सिर! मचा हड़कंप; पहचान की कोशिश

भिलाई, 27 अक्टूबर। Bhilai Steel Plant: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के पीछे सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान बोरी में मानव सिर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सिर काफी सड़ी हुई हालत में मिला है, जिसके कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सेप्टिक लाइन जाम होने पर सफाई करने पहुंचे थे कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक, भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के भिलाई निवास के पीछे सेप्टिक लाइन का पानी जाम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद सफाई कर्मचारी लाइन की सफाई करने पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर एक बोरी पर पड़ी। बोरी की जांच करने पर उसमें मानव सिर मिलने की बात सामने आई। यह देखकर कर्मचारी घबरा गए और उन्होंने तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

पहचान की कोशिश जारी

मौके पर पहुंची भिलाई नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बरामद सिर काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और उसकी हालत बेहद खराब है। फिलहाल मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से मिलेगी जानकारी

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। बरामद अवशेषों की फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से जुड़े निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक कौन है और सिर वहां कैसे पहुंचा।

About The Author

छत्तीसगढ जुर्म