CG Rajyotsav 2026: विष्णु देव साय से मिली भारतीय वायु सेना की सारंग टीम! 2 नवंबर को सेंध लेक में 5 हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरत अंगेज करतब

CG Rajyotsav 2026: विष्णु देव साय से मिली भारतीय वायु सेना की सारंग टीम! 2 नवंबर को सेंध लेक में 5 हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरत अंगेज करतब

रायपुर, 28 अक्टूबर। CG Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में इस बार आसमान में भारतीय वायु सेना के शौर्य और अद्भुत उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में वायु सेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिली सारंग टीम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से 28 अक्टूबर को रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगा। इससे उनमें देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होगी।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हवाई करतब

सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपने प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। एयर शो में दर्शकों को पांच हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान, आकर्षक हवाई संरचनाएं और रोमांचक करतब देखने को मिलेंगे।

दो महिला पायलट भी होंगी शामिल

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम प्रदर्शन करेगी। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा एयर शो

2 नवंबर को होने वाला यह एयर शो छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। इसके जरिए प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता, तकनीकी क्षमता और टीम भावना देखने का अवसर मिलेगा। खासकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन रोमांच के साथ नई संभावनाओं की प्रेरणा भी बनेगा।

About The Author

Raipur