PM Svanidhi : पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, राज्य सहित तीन निकायों को सम्मान

PM Svanidhi : पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, राज्य सहित तीन निकायों को सम्मान

रायपुर, 17 नवंबर 2026। PM Svanidhi : छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रदेश को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना है। इनमें राज्य के साथ बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बड़े बचेली नगरीय निकाय शामिल हैं। चयनित संस्थाओं को 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

छोटे कारोबारियों को योजना से जोड़ने में मिली सफलता

‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के तहत छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर ओवरऑल प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बड़े बचेली नगरीय निकायों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए चुना गया है। इन क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी लगाने वाले व्यवसायियों को योजना से जोड़ने और उनके छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने के प्रयासों को इस सम्मान के लिए आधार बनाया गया है।

20 नवंबर को दिल्ली में मिलेगा सम्मान

नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रालय की ओर से चयन का आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है। सम्मान समारोह नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित होगा। इसमें राज्य शासन और चयनित तीनों नगरीय निकायों का कुल 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होकर पुरस्कार ग्रहण करेगा।

बिना गारंटी ऋण से पथ विक्रेताओं को मिल रहा सहारा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान प्रदेश में छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के जरिए पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपना व्यवसाय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

About The Author

छत्तीसगढ