Gas Cylinder Blast: आधी रात सिलेंडर धमाके से दहला गांव, आग में घिरकर मां-बेटियां चीखते चिल्लाते रही; आखों के समाने दर्दनाक मौत

Gas Cylinder Blast: आधी रात सिलेंडर धमाके से दहला गांव, आग में घिरकर मां-बेटियां चीखते चिल्लाते रही; आखों के समाने दर्दनाक मौत

शामली, 20 नवंबर। Gas Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में देर रात एक मकान में लगी आग ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बाबरी थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट से घर में भीषण आग फैल गई। इस हादसे में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

शामली के खेड़ी गांव में दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, खेड़ी गांव निवासी साजिद बुधवार देर रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे अचानक मकान के भीतर रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते और सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास करते, उससे पहले ही सिलेंडर में तेज धमाका हो गया। विस्फोट के बाद आग ने तेजी से पूरे मकान को घेर लिया।

हादसे के वक्त कमरे में मौजूद साजिद की पत्नी साजिदा (31) और उनकी बेटियां अदन (13) तथा माहिरा (11) आग की लपटों में फंस गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बचाने का मौका तक नहीं मिल सका। साजिद भी चाहकर तत्काल परिवार की मदद नहीं कर पाए। आसपास के लोग भी आग की भयावहता के कारण तुरंत अंदर नहीं पहुंच सके।

आग में झुलसकर मां-बेटियों की मौत

धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बाबरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस से शामली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद साजिदा, अदन और माहिरा को मृत घोषित कर दिया।

इस अग्निकांड में मकान के भीतर रखा घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं भी पूरी तरह नष्ट हो गईं। एक ही परिवार की तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही खेड़ी गांव में शोक की लहर फैल गई। गुरुवार सुबह से ही साजिद के घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। पत्नी और दोनों बेटियों को खोने के बाद साजिद और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में गम का माहौल है।

About The Author

राष्ट्रीय