रायपुर, 21 नवंबर। Seva Samvad Yatra 2026: अब विधायक गांवों में पहुंचकर खुद लोगों की समस्याएं सुनेंगे। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के 144 गांवों में जनसंवाद स्थापित करने के लिए पद्मश्री विधायक अनुज शर्मा ‘सेवा संवाद यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। इस अभियान के तहत वे किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों से सीधे मुलाकात करेंगे।
यात्रा के दौरान प्रत्येक दिन 5 से 6 ग्राम पंचायतों में जनचौपाल लगाई जाएगी। यहां लोगों की शिकायतें सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों के जरिए उनके निराकरण की पहल भी होगी। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री रायपुर जिले के चरौदा स्थित प्रसिद्ध मुक्तेश्वर धाम पहुंचेंगे। भगवान मुक्तेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना के बाद वे यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
144 गांवों तक पहुंचेगा जनसंवाद अभियान
विधायक अनुज शर्मा की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर स्थानीय समस्याओं और लोगों की जरूरतों को समझना है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 25 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में प्रतिदिन 5 से 6 ग्राम पंचायतों का दौरा किया जाएगा। जनचौपाल के जरिए ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे विधायक के सामने रखने का अवसर मिलेगा।
किसानों, युवाओं और महिलाओं से करेंगे सीधा संवाद
यात्रा के दौरान किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। गांवों में बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी। विधायक संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में मौके पर ही पहल करेंगे।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना है। यात्रा के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, माताओं-बहनों और युवाओं से इस अभियान में शामिल होने तथा अपने सुझाव देने की अपील की है।
गांवों में स्वागत की तैयारियां
‘सेवा संवाद यात्रा’ को लेकर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी प्रस्तावित है।

