रायपुर, 21 नवंबर 2026। Industrial Development Policy : छत्तीसगढ़ में आज देश के प्रमुख उद्योगपतियों के सबसे बड़े सम्मेलनों में से एक का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर से आए लगभग 150 उद्योगपतियों ने रायपुर में छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे चरण में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में पीएचडी चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सहयोग से किया गया। इस दौरान 1.06 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। राज्य में कुल 21 परियोजनाओं के माध्यम से निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इन परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए लगभग 29 हजार रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
इस संवाद की सबसे उल्लेखनीय बात उभरते क्षेत्रों के प्रति निवेशकों की मजबूत रुचि रही। कुल 21 परियोजनाओं में से 12 परियोजनाएं (57 प्रतिशत) फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से कुल 10.73 हजार करोड़ का निवेश होगा, जिसके जरिए लगभग 8 हजार रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह उक्त संवाद के माध्यम से सृजित होने वाले कुल रोजगार अवसरों का 27 प्रतिशत है। ये क्षेत्र रोजगार सृजन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनमें निवेश किए गए प्रत्येक एक करोड़ रुपये से अन्य क्षेत्रों में किए गए निवेश की तुलना में तीन गुना से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इससे यह प्रतीत हो रहा है कि छत्तीसगढ़ का नए क्षेत्रों की ओर विस्तार लगातार मजबूत हो रहा है। खनिज, इस्पात और ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य की औद्योगिक आधारशिला पहले से ही मजबूत है। इसके साथ ही अब अधिक से अधिक निवेशक रोजगारपरक क्षेत्रों में भी निवेश कर रहे हैं। इंडस्ट्री डायलॉग के प्रत्येक चरण ने निवेशकों के इस विश्वास को और मजबूत किया है। तीसरा अध्याय इस बात की पुष्टि करता है कि छत्तीसगढ़ अब बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने वाले उद्योगों के लिए एक पसंदीदा निवेश क्षेत्र बन रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब भारत में व्यवसाय करने के लिए सबसे सुगम राज्यों में से एक है। उद्योग जगत ने आज छत्तीसगढ़ में विश्वास व्यक्त किया है, वह यहां के युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसरों में परिवर्तित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वीकृति से लेकर उत्पादन तक हर चरण में त्वरित कार्यवाही, पारदर्शिता और सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस संवाद में केएलजे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज, आरडीबी ग्रुप, लिबर्टी शूज़, प्रासिल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, ऑगमेंट न्यूट्रिएंट्स सहित कई प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं व्यावसायिक समूहों ने भाग लिया। इन समूहों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
सचिव वाणिज्य एवं उद्योग श्री रजत कुमार ने कहा कि निवेशकों का प्रदेश के प्रति बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों को त्वरित कार्यवाही, विश्वसनीय व्यवस्था और हर स्तर पर सहयोग मिल रहा है।
औद्योगिक विकास नीति 2024-30 निवेशकों को स्पष्ट और स्थिर नियमों के साथ-साथ फार्मा, वस्त्र और हॉस्पिटैलिटी जैसे रोजगार सृजन करने वाले उभरते क्षेत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन प्रदान करती है। तैयार औद्योगिक भूमि, निर्बाध बिजली एवं जलापूर्ति तथा सड़क, रेल और हवाई मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण परियोजनाओं को निवेश की प्रतिबद्धता से निर्माण कार्य तक तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
नीति के अंतर्गत आकांक्षी क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वालों को अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाती है, ताकि निवेश और रोजगार के अवसर केवल राजधानी क्षेत्र तक सीमित न रहें, बल्कि राज्य के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचें। इसका उद्देश्य स्पष्ट हैरू छत्तीसगढ़ में आने वाला प्रत्येक निवेश शीघ्र ही यहां के लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसरों में परिवर्तित हो।

