BJP Yuva Morcha Chhattisgarh: युवा मोर्चा की बैठक में 2026 की रणनीति पर मंथन, अरुण साव-विजय शर्मा और ओपी चौधरी ने दिया जीत का मंत्र

BJP Yuva Morcha Chhattisgarh: युवा मोर्चा की बैठक में 2026 की रणनीति पर मंथन, अरुण साव-विजय शर्मा और ओपी चौधरी ने दिया जीत का मंत्र

रायपुर, 22 नवंबर। BJP Yuva Morcha Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भाजपा ने युवा मोर्चा के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने की तैयारी तेज कर दी है। रायपुर में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता, युवाओं की भागीदारी और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। बैठक में सरकार की विकास योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

अरुण साव बोले- गांव-गांव तक पहुंचाएं सरकार के काम

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘संवरता छत्तीसगढ़’ विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हो रहे कार्यों से छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की उपलब्धियों को केवल बैठकों तक सीमित न रखें, बल्कि गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

विजय शर्मा ने बताया विपक्ष को जवाब देने का तरीका

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वर्तमान राजनीतिक मुद्दों और भाजपा के दृष्टिकोण पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष की राजनीति, भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और विकास के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देना चाहिए। जनता के बीच भाजपा की नीतियों, सुशासन और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

ओपी चौधरी बोले- युवा वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और नवाचार के जरिए युवा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से अनुशासन, सेवा और समर्पण के भाव के साथ संगठन एवं समाज के लिए काम करने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया और मीडिया प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण

बैठक में संगठन के डिजिटल और मीडिया प्रबंधन को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने कार्यकर्ताओं को कंटेंट निर्माण, रील, पोस्ट, ट्रेंडिंग विषयों और डिजिटल प्रचार की बारीकियां समझाईं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज युवाओं तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए पार्टी की विचारधारा, सरकार की योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को सकारात्मक एवं तथ्यात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

वहीं, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने मीडिया प्रबंधन पर प्रशिक्षण देते हुए प्रेस विज्ञप्ति तैयार करने, बाइट देने, प्रेस वार्ता आयोजित करने और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन की आवाज हैं, इसलिए उन्हें अनुशासन और तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र देवांगन, कुणाल ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा सहित प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Raipur राजनीति