SECR Train Update : छत्तीसगढ़ में 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, 6 से 18 दिसंबर तक 10 ट्रेनें रद्द, कई घंटों की देरी से चलेंगी गाड़ियां

SECR Train Update : छत्तीसगढ़ में 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, 6 से 18 दिसंबर तक 10 ट्रेनें रद्द, कई घंटों की देरी से चलेंगी गाड़ियां

बिलासपुर, 23 नवंबर 2026। SECR Train Update : छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में 6 से 18 दिसंबर तक चौथी रेल लाइन और सिग्नलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इसके चलते कुल 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी, 6 ट्रेनों को बीच के स्टेशन तक ही चलाया जाएगा, जबकि 11 ट्रेनें एक से नौ घंटे तक की देरी से संचालित होंगी। इसका असर बिलासपुर, रायपुर, कोरबा और रायगढ़ सहित कई रेल मार्गों पर पड़ेगा।

चौथी रेल लाइन और ऑटो सिग्नलिंग का काम

रेलवे के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का कार्य भी किया जाना है। निर्माण और तकनीकी कार्यों के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।

6 से 18 दिसंबर तक ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68736) 6 से 17 दिसंबर तक और रायगढ़-बिलासपुर मेमू (68735) 7 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेगी। इसी तरह रायपुर-गेवरारोड मेमू (68746) 6 से 17 दिसंबर तथा गेवरारोड-रायपुर मेमू (68745) 7 से 18 दिसंबर तक नहीं चलेगी।

रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204) 6 से 17 दिसंबर और कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203) 7 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेगी। बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू (68734/68733), बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68732/68731) और रायगढ़-बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68737/68738) का परिचालन 7 से 18 दिसंबर तक बंद रहेगा। बिलासपुर-गेवरारोड पैसेंजर (58210) भी इसी अवधि में रद्द रहेगी।

छह ट्रेनें बीच के स्टेशन से लौटेंगी

निर्माण कार्यों के चलते कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक नहीं चलाया जाएगा। गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू (68861/68862) 7 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर तक ही चलेगी। बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।

कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) 7 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर से चलेगी और कोरबा-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी। विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस (18518) 6 से 17 दिसंबर तक बिलासपुर में ही समाप्त होगी। वहीं कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस (18517) 7 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर से रवाना होगी।

निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस (12410) 10 और 12 दिसंबर को बिलासपुर तक ही चलेगी। दूसरी ओर रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस (12409) 12 और 14 दिसंबर को बिलासपुर से रवाना होगी। इन दोनों ट्रेनों का बिलासपुर और रायगढ़ के बीच परिचालन संबंधित तारीखों में रद्द रहेगा।

11 ट्रेनें एक से नौ घंटे तक चलेंगी लेट

रेलवे ने 11 ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है। पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) 10 से 14 दिसंबर तक तीन घंटे और सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस (12809) ढाई घंटे की देरी से चलेगी। गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस (12070) और रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18249) 11 से 15 दिसंबर तक दो घंटे विलंब से संचालित होंगी।

ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस (18478) 10 से 12 दिसंबर तक नौ घंटे और पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस (18477) 12 से 14 दिसंबर तक सात घंटे की देरी से चलेगी। एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस (12101) 11 और 12 दिसंबर को तीन घंटे 15 मिनट, भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस (12880) 14 दिसंबर को चार घंटे 15 मिनट और पुरी-एलटीटी एक्सप्रेस (22866) 15 दिसंबर को चार घंटे 30 मिनट विलंब से चलेगी। विशाखापट्टनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस (20807) और कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस (18239) भी 13, 14 और 15 दिसंबर को एक घंटे की देरी से चलेंगी।

यात्रियों के लिए हसदेव एक्सप्रेस की विशेष व्यवस्था

प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है। इससे इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का काम अंतिम चरण में है। रेलवे के मुताबिक, परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा, जिससे यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें।

About The Author

छत्तीसगढ