8th Pay Commission: सैलरी में बंपर बढ़ोतरी की तैयारी! ₹68,940 बेसिक पे और 67% पेंशन की मांग

8th Pay Commission: सैलरी में बंपर बढ़ोतरी की तैयारी! ₹68,940 बेसिक पे और 67% पेंशन की मांग

नई दिल्ली, 29 नवंबर। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी चर्चाएं तेज हो गई हैं। वेतन आयोग के सामने कर्मचारी संगठनों ने वेतन और पेंशन में बड़े बदलाव के प्रस्ताव रखे हैं। इनमें फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 3.83 करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने और रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन की दर में इजाफा करने जैसी अहम मांगें शामिल हैं। यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ा आर्थिक लाभ मिल सकता है।

आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार कर सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। यह समयसीमा मई 2027 में पूरी होने वाली है। ऐसे में अब कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें आयोग की आगामी सिफारिशों पर टिकी हैं।

पेंशन में 50% की जगह 67% भुगतान का प्रस्ताव

8वें वेतन आयोग के समक्ष पेंशन व्यवस्था में बदलाव की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। कर्मचारी संगठनों का तर्क है कि मौजूदा पेंशन व्यवस्था में संशोधन कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पहले से अधिक आर्थिक सुरक्षा दी जानी चाहिए। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने केंद्र सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) दोबारा लागू करने की मांग की है।

वहीं नेशनल काउंसिल ऑफ ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने मौजूदा पेंशन दर को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 67 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है। इतना ही नहीं, पारिवारिक पेंशन (Family Pension) को भी 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की मांग की गई है। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) और भारत पेंशनर्स समाज सहित अन्य संगठनों ने भी पेंशन नियमों में सुधार के सुझाव दिए हैं।

₹28,050 की पेंशन बढ़कर ₹37,587 हो सकती है

पेंशन बढ़ाने के प्रस्ताव का असर कितना हो सकता है, इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-10 के जिस कर्मचारी का बेसिक वेतन 56,100 रुपये है, उसकी मौजूदा 50 प्रतिशत पेंशन दर के हिसाब से बेसिक पेंशन 28,050 रुपये बनती है। अगर कर्मचारी संगठनों की 67 प्रतिशत पेंशन वाली मांग स्वीकार कर ली जाती है, तो इसी वेतन के आधार पर पेंशन की राशि बढ़कर लगभग 37,587 रुपये हो जाएगी। यानी इस उदाहरण में हर महीने करीब 9,537 रुपये की अतिरिक्त पेंशन मिल सकती है। हालांकि, यह केवल प्रस्तावित फॉर्मूले पर आधारित गणना है। इसे सरकार की ओर से घोषित बढ़ोतरी नहीं माना जाना चाहिए।

वेतन में बड़ा बदलाव संभव

8वें वेतन आयोग से जुड़ी दूसरी बड़ी मांग फिटमेंट फैक्टर को लेकर है। कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि नए वेतन आयोग में इसे बढ़ाकर 3.83 किया जाए। इससे पहले छठे वेतन आयोग में 1.86 और सातवें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था। सातवें वेतन आयोग के दौरान इसी आधार पर न्यूनतम मूल वेतन 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हुआ था। अब संगठनों की मांग है कि आगामी वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को 3.83 किया जाए। यदि 18,000 रुपये के मौजूदा न्यूनतम मूल वेतन पर इस प्रस्ताव को लागू किया जाता है, तो गणना के अनुसार नया बेसिक वेतन 68,940 रुपये हो सकता है। इसका सीधा असर कर्मचारियों के वेतन के साथ-साथ पेंशन की गणना पर भी पड़ सकता है।

लेवल-10 के कर्मचारियों की पेंशन 1.43 लाख रुपये से ज्यादा?

फिटमेंट फैक्टर और पेंशन बढ़ोतरी के दोनों प्रस्तावों को एक साथ समझें तो संभावित आंकड़ा और बड़ा नजर आता है। उदाहरण के तौर पर, लेवल-10 के कर्मचारी के 56,100 रुपये के मौजूदा बेसिक वेतन पर 3.83 फिटमेंट फैक्टर लगाने से संशोधित मूल वेतन 2,14,863 रुपये होगा। यदि इसके बाद 67 प्रतिशत पेंशन का प्रस्ताव भी स्वीकार किया जाता है, तो इस उदाहरण के आधार पर मासिक बेसिक पेंशन लगभग 1,43,958 रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह पूरी गणना कर्मचारी संगठनों की प्रस्तावित मांगों पर आधारित है। वास्तविक वेतन और पेंशन का निर्धारण आयोग की सिफारिशों तथा केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी के बाद ही होगा।

मई 2027 तक सामने आ सकती है तस्वीर

8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन के बाद उसे अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। मई 2027 इस प्रक्रिया की निर्धारित समयसीमा है। आयोग विभिन्न कर्मचारी संगठनों, पेंशनर प्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों से चर्चा कर चुका है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि वेतन, फिटमेंट फैक्टर, पुरानी पेंशन योजना (8th Pay Commission) और पारिवारिक पेंशन से संबंधित मांगों में से किन प्रस्तावों को आयोग अपनी रिपोर्ट में जगह देता है। फिलहाल 3.83 फिटमेंट फैक्टर, 67 प्रतिशत पेंशन और OPS की बहाली कर्मचारियों की प्रमुख मांगें हैं। इन पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार को लेना है। ऐसे में मई 2027 तक आने वाली सिफारिशें केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

About The Author

राष्ट्रीय