छत्तीसगढ

BJP Preparing : PM के जन्मदिन पर बधाई के साथ भेजेंगे 11 लाख पोस्टकार्ड

भाजपा युवा मोर्चा को 5 लाख स्मार्टफोन में नमो एप इंस्टाल कराने की जिम्मेदारी

रायपुर, 15 सितंबर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने PM नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जनाधार दिखाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए बीजेपी नेता छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री को 11 लाख पोस्टकार्ड पर बधाई संदेश के साथ आभार भेजने की तैयारी कर रहे हैं। यही नहीं भाजपा युवा मोर्चा को पांच लाख स्मार्टफोन में नमो एप इंस्टाल कराने की जिम्मेदारी मिली है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को इसकी जानकारी प्रेस कांफ्रेंस के जरिए दी है।

डॉ. सिंह का कहना है कि, नरेंद्र मोदी का 20 वर्ष का सेवाकाल जनता को समर्पित सेवा है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उसके बाद 2014 में उन्होंने देश के प्रधान मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कामकाज को लेकर बीजेपी अलग तरह से जश्न मनाने की तैयारी कर रही है।

केंद्र की योजनाओं को 20 दिन में राज्य की जनता तक पहुंचाएंगे

रमन सिंह ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने 17 सितम्बर से लेकर 7 अक्टूबर तक के बीस दिन के समय को सेवा और समर्पण के रूप में ही मनाए जाने का निर्णय लिया है। इसी दौरान महात्मा गांधी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस भी आता है। इन 20 दिनों के लिए प्रदेश भाजपा ने कई कार्यक्रम तय किए हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा, इन 20 दिनों में भाजपा जनता तक पहुंचेगी और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेशवासियों तक पहुंचाएगी।

BJP Preparing: Will send 11 lakh postcards with congratulations on PM's birthday

लोगों के मोबाइल में नमो एप इंस्टाल करेगा युवा मोर्चा

डॉ. रमन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ से शुभकामना और आभार के कुल 11 लाख पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे जाएंगे। युवा मोर्चा कुल 5 लाख लोगों के मोबाइल में नमो एप इंस्टाल कराएगा। बताया गया कि सेवा और समर्पण अभियान का प्रभार प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी को दिया गया है। पूर्व मंत्री लता उसेंडी इस अभियान की सह प्रभारी होंगी।

राशन की दुकानों पर बांटेंगे प्रधानमंत्री के फोटो बैग

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह (BJP Preparing) ने सेवा और समर्पण अभियान के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ उठाने वालों को झोला वितरित किया जाएगा। इसके लिए 3 लाख झोले मंगाए गए हैं। इस झोले पर प्रधानमंत्री की फोटो छपी है। भाजपा शासित राज्यों में सरकार खुद इसे बांट रही है। उन्होंने बताया कि वितरण के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री ने 80 करोड़ में जो 5 किलो अनाज दिया है। वहीं छत्तीसगढ़ में 2,3, और 5 लोगो के परिवार को यह अनाज नहीं मिला है।

सेवाग्राम पर भी कसा तंज

रमन सिंह ने महात्मा गांधी के वर्धा आश्रम की तर्ज पर नवा रायपुर में भी सेवाग्राम बनाने की घोषणा पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के पौने 3 साल निकल गए और बाकी का समय अब टाइम पास करके निकाला जाएगा। रमन ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेसी तभी टिकट मांगने क्यों जाते हैं, जब गाड़ी छूटने वाली होती है। उन्होंने कहा, वर्धा आश्रम के पीछे कांसेप्ट यह था कि गांधी जी ने कह दिया कि जब तक आजादी नहीं मिलेगी तब तक साबरमती आश्रम नही जाऊंगा। पर अब उन्हें कौन सी आजादी दिख रही है, जिसकी तर्ज पर नवा रायपुर में वर्धा जैसा आश्रम बनाने जा रहे हैं।

17 को ही रायपुर आएंगे प्रभारी शिवप्रकाश

रमन सिंह ने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उसी दिन राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रभारी शिवप्रकाश रायपुर आएंगे। वे युवा मोर्चा की ओर से आयोजित व्याख्यान और भारत दर्शन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। भाजपा उस दिन प्रदेश और सभी जिला कार्यालयों में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित प्रदर्शनी लगायेगी।

30 जिलों में लगेगा रक्तदान शिविर

रमन सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी 30 संगठन जिलों में चुने हुए नदी-तालाब, जलाशयों की सफाई की जाएगी। प्रदेश के 23 हजार 683 मतदान केन्द्रों में डेढ़ लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। 17 सितम्बर को अधिक से अधिक संख्या में लोगों का टीकाकरण हो, इस लिए पार्टी के सभी लोग जागरूकता अभियान चलाएंगे। युवा मोर्चा सभी 30 जिलों में रक्तदान शिविर लगाएगा। स्वास्थ्य शिविर भी लगेगा।

टीम जल्द ही पीड़ित परिवारों से करेगी मुलाकात

सरगुजा में कुपोषण से पण्डों जनजाति के लोगों की मौत के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आरोप लगाया कि सरगुजा क्षेत्र में पंडो जनजाति के बहुत से लोगों की मौत हुई है। इसकी वजह भूख और कुपोषण है। उन्होंने कहा कि सरकार कुपोषण कम होने का दावा कर रही है वहीं संरक्षित जनजातियों के लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की एक टीम जल्दी ही पीडि़त पंडो परिवारों से मुलाकात करने जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button