रायपुर, 02 अप्रैल। Satish Jaggi PC : रामावतार जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी को कोर्ट द्वारा 3 सप्ताह के भीतर सरेंडर करने के आदेश के बाद दिवंगत नेता रामावतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी ने प्रेस वार्ता कर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए न्याय की बड़ी जीत बताते बताते हुए हुए कहा कि, 20 वर्षों की तपस्या आज सफल हुई है।
हनुमान जयंती पर मिला न्याय
सतीश जग्गी ने कहा कि इस फैसले के लिए वे आभारी हैं और इसे हनुमान जयंती के अवसर पर मिली शुभ खबर बताया।
उन्होंने कहा,“न्यायालय पर मेरा विश्वास और अटूट हुआ है, आखिरकार सत्य की जीत हुई।
पिता को खोने का दर्द हमेशा रहेगा
भावुक होते हुए सतीश जग्गी ने कहा कि हालांकि वह इसे ठीक-ठीक “खुशी” तो नहीं कह सकते कि हत्या के मामले का मुख्य आरोपी जेल जा रहा है, क्योंकि उन्होंने अपने पिता को खो दिया है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इस फ़ैसले के ज़रिए न्याय मिलने से उनके पूरे परिवार को संतोष का अनुभव हुआ है।
न्यायालय और CBI का जताया आभार
सतीश जग्गी ने इस मामले में न्याय दिलाने के लिए न्यायालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का आभार व्यक्त किया और उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया जो इस लंबे संघर्ष में उनके साथ खड़े रहे।
बता दें कि, करीब दो दशक पुराने इस हाई-प्रोफाइल केस में कोर्ट के आदेश के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। सतीश जग्गी की प्रतिक्रिया इस बात को दर्शाती है कि न्याय भले देर से मिला, लेकिन उम्मीद और विश्वास अंततः कायम रहा।

