रायपुर, 22 अप्रैल। Raipur Police Action : जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कबीर नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रेलवे पटरी के पास ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संदीप पटेल और राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में तथा इशु अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। आरोपियों से लगभग ₹5 लाख नकद और एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किया गया।
कैसे हुआ खुलासा?
थाना कबीर नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे पटरी के पास मोबाइल के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो आरोपियों आकाश टांडी (31 वर्ष), निवासी कोटा, रायपुर और मोहम्मद आरिफ (50 वर्ष), निवासी कोटेश्वर नगर, रायपुर को मौके से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि और मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें सट्टेबाजी से जुड़े अहम सबूत मिले हैं।
नेटवर्क का होगा बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों से सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य (Raipur Police Action) लोगों और मुख्य संचालकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक गगन बाजपेई सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।

