कोलकाता, 04 मई। BJP vs TMC Bengal : पश्चिम बंगाल की 294 में से 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने सियासी माहौल को गर्म कर दिया है। सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई वोटों की गिनती में कई सीटों पर चौंकाने वाले ट्रेंड सामने आ रहे हैं।
Bharatiya Janata Party ने कई इलाकों में बढ़त बनाकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है, जबकि सत्तारूढ़ All India Trinamool Congress को कड़ी चुनौती मिलती दिख रही है। दोपहर तक तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है, जिससे तय होगा कि बंगाल में सत्ता किसके हाथ जाएगी।
बंगाल की 294 में से 293 विधानसभा (विस) सीटों के परिणाम आज घोषित होंगे। राज्य के 77 मतगणना केंद्रों पर बेहद कड़ी सुरक्षा में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है और दोपहर तक साफ हो जाएगा कि बंगाल में किसकी सरकार बनेगी।
सभी नौ सीट पर भाजपा आगे
पश्चिम बर्द्धमान जिले की सभी नौ सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। राज्य के दो मंत्री आसनसोल उत्तर से मलय घटक से भाजपा के कृष्णेंदु मुखर्जी 4100 वोट से आगे चल रहे है।
वहीं दुर्गापुर पूर्व से निवर्तमान मंत्री प्रदीप मजूमदार से भाजपा के चंद्रशेखर बनर्जी 2100 से अधिक वोटो से आगे चल रहे है। वहीं पांडवेश्वर से भाजपा के जितेंद्र तिवारी दो हजार वोट से आगे है।
दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा के लक्ष्मण चंद्र घोरूई, जामुडिया से डा बिजन मुखर्जी 3246, रानीगंज से भाजपा के पार्थ घोष 3478, आसनसोल दक्षिण से भाजपा की अग्निमित्रा पाल 15 हजार वोट, बाराबानी से भाजपा के अरिजीत राय 79 वोट से आगे चल रहे है। वहीं कुल्टी से भाजपा आगे चल रही है।
स्वप्ना बर्मन राजगंज सीट से पीछे
एशियन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन जलपाईगुडी जिले में राजगंज सीट से पीछे चल रही हैं।
मंगल पांडे बोले- बंगाल में डबल इंजन की सरकार
बंगाल भाजपा के प्रभारी मंगल पांडे ने कहा- अगर ममता बनर्जी सरकार ने 15 सालों में ठीक से बंगाल को चलाया होता, तो आज उनकी पार्टी की यह स्थिति नहीं होती। बंगाल की जनता उनके कुशासन से तंग आ चुकी थी। लोगों में भय का माहौल बना दिया था। जो रूझान आ रहे हैं, उससे साफ है कि भय से बंगाल की जनता बाहर आ गई है। चुनाव आयोग हर चीज पर नजर रखे हुए है। बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी।
सुवेंदु बोले- इस बार हिंदू एकीकरण हुआ
शुरुआती रुझानों पर बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम एवं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा- भवानीपुर में 6-7 राउंग की गिनती के बाद मेरा प्रदर्शन अच्छा रहेगा। नंदीग्राम में मुझे अपेक्षा से ज्यादा वोट मिला है। मुझे पूरी उम्मीद है कि भाजपा की सरकार बनेगी। इस बार हिंदू एकीकरण हुआ है। मुसलमान जिस तरीके से टीएमसी को वोट देतें हैं, इस बार उस तरीके से नहीं दिया है। कुछ वोट मुस्लिम समर्थक पार्टी को गए हैं। अभी इतनी जल्दबाजी करने की कोई ज़रूरत नहीं है।
कालिम्पोग में भाजपा को मिली बढ़त
कालिम्पोग मे बीजेपी प्रार्थी और पूर्व हॉकी कप्तान भारत कुमार छेत्री को 1118 वोटों से बढ़त मिल गई है।
तापस राय आगे निकले
कोलकाता की मानिकतला सीट से तापस राय आगे निकले, तृणमूल की श्रेया पांडे पीछे हुई।
आरजी कर पीड़िता की मां आगे
आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ 3000 से अधिक वोटों से आगे चल रही हैं। वह पानीहाटी सीट से भाजपा की उम्मीदवार हैं।

