रायपुर,13 मई। FTA : देशभर के व्यापारिक संगठनों एवं छत्तीसगढ़ के व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ “FTA के प्रभावी उपयोग” विषय पर एक महत्वपूर्ण वर्चुअल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड, भारत सरकार के चेयरमेन सुनील सिंघी के माध्यम से आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
व्यापार और निर्यात के नए अवसरों पर चर्चा
कार्यक्रम में देशभर के उद्योग संगठनों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और निर्यातकों के साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के व्यापारी भी बड़ी संख्या में जुड़े। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने Free Trade Agreement (FTA) के जरिए व्यापार और निर्यात क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
FTA से MSME सेक्टर को मिलेगा बड़ा लाभ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कई प्रक्रियाओं को सरल बनाया है। MSME सेक्टर को विशेष सहयोग और मार्गदर्शन देकर वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से FTA का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
सेक्टर वाइज प्रेजेंटेशन से मिली अहम जानकारी
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सेक्टर वाइज प्रेजेंटेशन प्रस्तुत कर उद्योग और व्यापार जगत के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। साथ ही FTA से जुड़े देशों के साथ बिजनेस नेटवर्किंग और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ आएंगे एक्सपोर्ट प्रमोशन अधिकारी
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के मार्गदर्शन में निर्यात एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रदेश के व्यापारियों और उद्योगपतियों को वैश्विक बाजार, निर्यात बढ़ाने और FTA के व्यावहारिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
अमर पारवानी ने निभाई समन्वय की अहम भूमिका
राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के सदस्य अमर पारवानी ने इस वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों और निर्यातकों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से प्रदेशभर के व्यापारी कार्यक्रम से जुड़कर महत्वपूर्ण जानकारियों से लाभान्वित हुए।

