राजनांदगांव, 21 मई। Business Summit : छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की राजनांदगांव इकाई द्वारा आयोजित जिला स्तरीय व्यापारी महासम्मेलन भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
चैंबर सम्मेलन में व्यापारियों को मिला विकास का नया रोडमैप
सम्मेलन के दौरान सबसे बड़ी घोषणा यह रही कि अब राजनांदगांव को आधिकारिक तौर पर छत्तीसगढ़ स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही यह शहर रायपुर, नया रायपुर, दुर्ग और भिलाई के साथ राज्य के सबसे बड़े आर्थिक और शहरी कॉरिडोर का हिस्सा बन गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में 7.5 एकड़ भूमि पर आधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स अकादमी बनाने की घोषणा की। इस ऐलान के बाद व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि “व्यापार, विकास और विश्वास” के नए विजन के साथ चेम्बर प्रदेशभर के व्यापारियों को एकजुट कर रहा है। उन्होंने डॉ. रमन सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व और ओपी चौधरी की कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग की समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है।
सतीश थौरानी ने GST सुधारों को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने बताया कि चेम्बर ने राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याएं रखीं, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत मांगें पूरी की गईं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापारी हितों को लेकर संवेदनशील है और हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर रहती है।
महासम्मेलन के दूसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय बिजनेस ट्रेनर अखिल मेदिरत्ता ने व्यापारियों को आधुनिक बिजनेस तकनीकों, ऑटोमेशन, डेटा मैनेजमेंट और कस्टमर रिटेंशन पर विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि सही रणनीति अपनाकर व्यापारी एक साल में कारोबार और मुनाफे को दोगुना तक बढ़ा सकते हैं।
सम्मेलन में प्रदेशभर से आए व्यापारियों और पदाधिकारियों ने व्यापारिक चुनौतियों, GST, इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में सैकड़ों व्यापारी और उद्योगपति मौजूद रहे।

