Jindal Foundation : जेल की दीवारों के भीतर पहुंचीं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं…! 203 बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण…जिंदल फाउंडेशन और फोर्टिस-ओपी जिंदल अस्पताल की पहल

Jindal Foundation : जेल की दीवारों के भीतर पहुंचीं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं…! 203 बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण…जिंदल फाउंडेशन और फोर्टिस-ओपी जिंदल अस्पताल की पहल

रायगढ़, 17 जून। Jindal Foundation : समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में जिंदल फाउंडेशन और फोर्टिस–ओपी जिंदल अस्पताल ने एक सराहनीय पहल करते हुए जिला जेल रायगढ़ में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस दौरान 203 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में सामान्य चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी (कान-नाक-गला), नेत्र रोग और दंत चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया। चिकित्सकों ने पुरुष एवं महिला बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया।

विशेषज्ञों ने बंदियों को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस पहल से ऐसे बंदियों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिला, जिनके लिए सामान्य परिस्थितियों में ऐसी सुविधाओं तक पहुंच आसान नहीं होती।

स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से कई स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित किया गया। जेल प्रशासन ने जिंदल फाउंडेशन एवं फोर्टिस–ओपी जिंदल अस्पताल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जिंदल फाउंडेशन ने कहा कि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर सुधार गृहों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और सतत प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

About The Author

स्वास्थ्य