गाजियाबाद, 20 जून। NEET 2026 Exam Tomorrow : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, छात्र लंबे समय से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। कई प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में था। गुरुवार रात वह अपने कमरे में पढ़ाई करने गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो छात्र का शव फंदे से लटका मिला।
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में छात्र ने कहा है कि वह NEET परीक्षा पास नहीं कर पा रहा था, जिससे वह मानसिक दबाव में था। उसने वीडियो में यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को है NEET-UG की दोबारा परीक्षा
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह पूरा मामला तब सामने आया है जब देश और विदेश में रविवार, 21 जून को NEET-UG की दोबारा परीक्षा होने वाली है और 22.79 लाख से ज़्यादा उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होंगे। हमेशा की तरह, यह मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। वहीं, PwD और PwBD कैटेगरी के योग्य छात्रों को नियमों के अनुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6:20 बजे तक अपनी परीक्षा पूरी कर सकेंगे।
नोट: यदि आपके या आपके किसी परिचित के मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, तो यह एक गंभीर स्थिति है। मदद के लिए तत्काल टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 या 1-800-891-4416 पर संपर्क करें। समय पर सहायता और संवाद जीवन बचा सकते हैं।

