रायपुर, 21 जून। Rahul Gandhi in Raipur : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक देवेंद्र यादव सहित प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसॉर्ट (मंगल भवन) के लिए रवाना हुए, जहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा है।
इस शिविर में राहुल गांधी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन कार्यक्रम का मुख्य केंद्र रहेगा। कांग्रेस इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से अहम मान रही है।

