रायपुर, 04 जुलाई। High Tension Line Accident : राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सोलर टेक्निशियन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है।
छत पर काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तीन तकनीशियन घर की छत पर सोलर पैनल इंस्टॉल कर रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में दो युवक आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा तकनीशियन सुरक्षित बच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सोलर पैनल लगाने के दौरान (High Tension Line Accident) सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया या कार्य हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब किया जा रहा था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस और तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

