Mahadev Betting App Case : महादेव सट्टा ऐप केस में बड़ा एक्शन…! ED के रडार पर स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा…रायपुर में घंटों पूछताछ

Mahadev Betting App Case : महादेव सट्टा ऐप केस में बड़ा एक्शन…! ED के रडार पर स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा…रायपुर में घंटों पूछताछ

रायपुर, 17 जुलाई। Mahadev Betting App Case : राजधानी रायपुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पूछताछ शुरू कर दी है। ईडी की टीम उन्हें रायपुर लाकर अपने कार्यालय में लगातार सवाल-जवाब कर रही है।

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, महादेव बेटिंग ऐप के कथित प्रमोशन और उससे जुड़े लोगों के साथ संभावित संबंधों को लेकर शेफाली बग्गा से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी हवाला कारोबारियों से कथित संपर्क और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इससे पहले शेफाली बग्गा का नाम क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ भी चर्चा में आया था। हालांकि, दोनों ने उन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की वित्तीय जांच के तहत की जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में ईडी ने महादेव ऑनलाइन बुक और Skyexchange.com से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 91.82 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं। जांच एजेंसी ने दुबई स्थित दो कंपनियों के खातों में जमा 74.28 करोड़ रुपये से अधिक की राशि फ्रीज की है। ईडी का आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर सौरभ चंद्राकर, अनिल अग्रवाल और विकास छपरिया के माध्यम से अवैध धन को वैध बनाने के लिए किया जा रहा था।

ईडी की इस पूछताछ को मामले की जांच का हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगे आरोप अदालत में सिद्ध होने तक उन्हें दोषी नहीं माना जा सकता।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़