बारामूला, 02 अगस्त। Kulgam Terror Attack : कुलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ व्यापक अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को बारामूला जिले के शेरी क्षेत्र के फथागढ़ इलाके में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।
इसी दौरान दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाने पर छापेमारी की। यहां से हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े पोस्टर, दवाइयां और अन्य सामान बरामद किया गया। कार्रवाई के बाद पूरे ठिकाने को नष्ट कर दिया गया।
यह अभियान उस आतंकी हमले के बाद तेज किया गया है जिसमें शुक्रवार रात कुलगाम में छत्तीसगढ़ से रोजी-रोटी कमाने पहुंचे दो श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जांच में सामने आया कि लश्कर का आतंकी लतीफ बट ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक बैठा रहा। उसने मजदूरों से बातचीत की, उनके नाम पूछे और भरोसा दिलाया कि वह उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएगा। इसके बाद उसने अपने काले बैग से असॉल्ट राइफल निकाली और दो श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और आतंकियों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

