नई दिल्ली, 17 अगस्त। Shehzad Poonawalla Resignation : बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से अलग होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को पत्र भेजकर राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार करने की अपील की है। यह उनका दूसरा इस्तीफा है। इससे पहले 30 जुलाई को भी उन्होंने इस्तीफा दिया था, जिसे पार्टी ने स्वीकार नहीं किया था।
‘मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार नहीं’
शहजाद पूनावाला ने अपने इस्तीफे में कहा कि आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने काफी विचार-विमर्श के बाद यह अंतिम निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह संगठनात्मक व्यवस्था से अलग हो रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अपने विचारों से दूरी नहीं बना रहे हैं।
पहले भी दिया था इस्तीफा, BJP ने नहीं किया था स्वीकार
पूनावाला ने बताया कि उन्होंने 30 जुलाई 2026 को बीजेपी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की पेशकश की थी। पार्टी नेतृत्व ने उस समय उनका इस्तीफा तत्काल स्वीकार करने से इनकार कर दिया और उनसे फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था।
अब उन्होंने कहा है कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं और अपने व्यक्तिगत हालात पर गंभीर विचार करने के बाद वह अपने फैसले पर कायम हैं और चाहते हैं कि पार्टी उनका इस्तीफा स्वीकार करे।
PM मोदी, अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
शहजाद पूनावाला ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पिछले वर्षों में उन्हें मंच, सम्मान और अपनी बात रखने का अवसर दिया, जिसके लिए वह पार्टी नेतृत्व के आभारी रहेंगे।
अब निजी क्षेत्र में जाने की तैयारी
पूनावाला ने अपने अगले कदम को लेकर भी संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वह निजी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां संभव होगा, वह प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के विजन एवं कार्यों का समर्थन करते रहेंगे।
लंबे समय से चल रही थी इस्तीफे की चर्चा
शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की अटकलें पिछले कुछ समय से चल रही थीं। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव के बाद इन चर्चाओं ने और जोर पकड़ा था। अब उनके ताजा पत्र ने पार्टी से अलग होने के फैसले को औपचारिक रूप दे दिया है। फिलहाल उन्होंने किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने की घोषणा नहीं की है। ऐसे में अब सभी की नजर उनके अगले राजनीतिक कदम पर रहेगी।

