Alwar Principal Viral Video: छात्राओं के साथ बांध में नहाता दिखा प्रिंसिपल, VIDEO वायरल; शिक्षा विभाग ने किया सस्पेंड

Alwar Principal Viral Video: छात्राओं के साथ बांध में नहाता दिखा प्रिंसिपल, VIDEO वायरल; शिक्षा विभाग ने किया सस्पेंड

अलवर, 23 अगस्त। Alwar Principal Viral Video: राजस्थान के अलवर के थानागाजी इलाके से स्कूल और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला सामने आया है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के बाद बच्चों को भ्रमण और तैराकी सिखाने के नाम पर बांध ले जाने का आरोप है। इसी दौरान प्रिंसिपल का छात्राओं के साथ बांध के पानी में आपत्तिजनक स्थिति में नजर आने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

15 अगस्त के बाद बच्चों को बांध ले जाने का आरोप

मामला थानागाजी क्षेत्र के एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद प्रिंसिपल बच्चों को लेकर जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर भड़ाज बांध की ओर गए। बताया गया कि बच्चों को भ्रमण कराने और तैराकी सिखाने के लिए वहां ले जाया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौके पर करीब 20 से 25 बड़ी छात्राएं भी मौजूद थीं।

बिना सुरक्षा इंतजाम के बच्चों को पानी में उतारने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों को बांध के पानी में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के उतारा गया। कई बच्चों को तैरना नहीं आने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बांध की पाल काफी संकरी है और यहां पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में बच्चों को इस स्थान पर ले जाने को लेकर स्कूल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

VIDEO वायरल होने के बाद मचा बवाल

मामले ने तब तूल पकड़ा जब बांध का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में प्रिंसिपल छात्राओं के साथ पानी में नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और लोग स्कूल पहुंचे। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

शिक्षा विभाग ने किया प्रिंसिपल को निलंबित

शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थानागाजी के प्रधानाचार्य का छात्राओं के साथ बांध में नहाने का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। विभाग ने प्रथम दृष्टया इसे प्रधानाचार्य के नैतिक आचरण से जुड़े निर्धारित नियमों के विपरीत माना। इसके आधार पर प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीकानेर निर्धारित किया गया है।

पुलिस भी कर रही मामले की जांच

थानागाजी थाना प्रभारी राजकुमार मीणा के मुताबिक, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि वायरल वीडियो और घटनाक्रम के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चों को बांध तक किस उद्देश्य से ले जाया गया था और वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।

शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव ने बताया कि छात्राओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से जानकारी ली गई है। विभागीय टीम पूरे मामले की जांच करेगी। जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा ने भी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी। अब प्रधानाचार्य के निलंबन के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।

बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

इस पूरे मामले ने स्कूलों में बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण या अन्य गतिविधियों के लिए बाहर ले जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर पानी वाले संवेदनशील स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है।

About The Author

राष्ट्रीय