Girl Death: मां से विवाद के बाद घर से निकली लड़की, अगले दिन नाले में मिली लाश; MLA रोहित पवार के PA की बेटी थी

Girl Death: मां से विवाद के बाद घर से निकली लड़की, अगले दिन नाले में मिली लाश; MLA रोहित पवार के PA की बेटी थी

बारामती, 23 अगस्त। महाराष्ट्र के बारामती में 15 साल की नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार के प्राइवेट असिस्टेंट (PA) की बेटी बताई जा रही है। लड़की शनिवार शाम से लापता थी और रविवार सुबह उसके घर के पास एक नाले में उसका शव बरामद हुआ।

जानकारी के मुताबिक, लड़की शनिवार शाम करीब 4 बजे अपनी मां से किसी बात को लेकर विवाद के बाद नाराज होकर घर से निकल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात बारामती तालुका पुलिस थाने में लड़की के लापता होने और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर टीमें भेजीं। इसी दौरान रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घर के पास नाले में लड़की का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, लड़की के घर के बगल वाली बिल्डिंग की छत पर उसकी चप्पल भी मिली है। वहीं, टेरेस का दरवाजा बंद था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

रोहित पवार ने मांगी जांच

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रोहित पवार बारामती मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की गहन जांच करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। रोहित पवार ने कहा कि उनकी पार्टी के प्राइवेट असिस्टेंट की 15 वर्षीय बेटी रात से लापता थी। परिवार और पुलिस की तलाश के बाद सुबह करीब 8:30 बजे बिल्डिंग के पास उसका शव मिला। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस से पूरी जांच करने को कहा गया है।

फिलहाल लड़की की मौत कैसे हुई, वह नाले तक कैसे पहुंची और घटना के पीछे क्या वजह थी, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

जुर्म