बिलासपुर, 10 सितंबर। Child Death in Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पारिवारिक विवाद के बीच दो साल की मासूम बच्ची की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव में एक युवक पर अपनी दो साल की भतीजी को जलते लकड़ी के चूल्हे में बैठाने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नितिन कुमार लोनिया का अपनी भाभी अंकिता के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। अंकिता अपने पति सुधीर और दो साल की बेटी परमेश्वरी के साथ रहती थी।
26 अगस्त को घर से निकले थे तीनों
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को अंकिता अपनी बेटी को लेकर नितिन के साथ घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी तीनों का पता नहीं चला। इसके बाद बच्ची के नाना ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो नितिन, अंकिता और बच्ची के संबंध में जानकारी मिली। बताया गया कि 7 सितंबर को तीनों घुटकू वापस लौटे, जिसके बाद परिवार में फिर विवाद शुरू हो गया।
विवाद के बाद मासूम को चूल्हे में बैठाने का आरोप
मंगलवार को नितिन का अपने बड़े भाई सुधीर से विवाद हुआ। इसके कुछ देर बाद नितिन और उसकी भाभी अंकिता के बीच भी बहस हो गई। मारपीट की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराया।
इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नितिन ने कथित तौर पर अपनी दो साल की भतीजी परमेश्वरी को जलते हुए लकड़ी के चूल्हे में बैठा दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी।
इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
देर रात इलाज के दौरान दो साल की परमेश्वरी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन कुमार लोनिया को गिरफ्तार कर लिया है।कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पारिवारिक विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और बच्ची को चूल्हे में बैठाने की घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले की वास्तविक परिस्थितियां और स्पष्ट होंगी।

