गुरुग्राम, 13 सितंबर। Gurugram Parking Attendant Attack: गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि एक पार्किंग अटेंडेंट ने कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक और रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि हाथ की हड्डी टूट गई। उन्होंने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
अमित कुमार गुप्ता के मुताबिक, वह परिवार के साथ डिनर के लिए मैग्नम ग्लोबल पार्क पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने परिवार को उतारने के बाद कार पार्क करने की जगह तलाशनी शुरू की। उनका आरोप है कि पार्किंग स्टाफ ने उन्हें वैलेट, बेसमेंट और मल्टी-लेवल पार्किंग के बीच भेजा और बाद में कार पार्क करने से मना कर दिया।
पार्किंग विवाद के बाद रॉड से हमला
गुप्ता का आरोप है कि जब वह कार को रिवर्स करने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी कार की विंडशील्ड पर वार किया। विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर लोहे की रॉड लेकर आया और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि रॉड से पहले उनके हाथ और फिर सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून बहने लगा। उनका आरोप है कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पार्किंग कर्मचारियों ने उनकी मदद नहीं की।
पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल, फिर भी नहीं पहुंची मदद
अमित कुमार गुप्ता के अनुसार, उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया, लेकिन करीब आधे घंटे तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। उनका कहना है कि आखिरकार वहां मौजूद एक शेफ ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद उनकी जान बच सकी। गंभीर चोट के बाद उन्हें एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल ले जाया गया। उनकी कोहनी की हड्डी को प्लेट्स के जरिए जोड़ने के लिए सर्जरी की गई।
अस्पताल की MLC रिपोर्ट पर भी सवाल
पूर्व सैनिक ने अस्पताल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि अस्पताल की मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में सिर से खून बहने और कोहनी की चोट का सही उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गुप्ता का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने जैसी धाराओं में FIR दर्ज की जानी चाहिए।
ऑपरेशन सफेद सागर का हिस्सा रहे हैं अमित कुमार गुप्ता
अमित कुमार गुप्ता वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना के ऑपरेशन सफेद सागर का हिस्सा रहे थे। यह भारतीय वायु सेना का वह महत्वपूर्ण एयर ऑपरेशन था, जिसमें कारगिल सेक्टर में पाकिस्तानी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। हाल ही में ऑपरेशन सफेद सागर पर आधारित एक वेब सीरीज भी रिलीज हुई है। ऐसे में कारगिल के इस पूर्व सैनिक पर हुए कथित हमले ने मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

