Textile Market Fire: ₹10 हजार का बकाया वेतन विवाद! बदला लेने 150 रुपये का लिया पेट्रोल और लगा दी आग; 14 दुकानें जलीं, ₹25 करोड़ रुपए का कपड़ा खाक यहां देखें VIDEO

Textile Market Fire: ₹10 हजार का बकाया वेतन विवाद! बदला लेने 150 रुपये का लिया पेट्रोल और लगा दी आग; 14 दुकानें जलीं, ₹25 करोड़ रुपए का कपड़ा खाक यहां देखें VIDEO

सूरत, 23 सितंबर। Textile Market Fire: सूरत के सारोली स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की रात लगी भीषण आग के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, 33 वर्षीय पूर्व अकाउंटेंट विनोद पंडित सावले ने बकाया वेतन को लेकर हुए विवाद के बाद बदला लेने के लिए आगजनी की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का मार्केट के एक दुकान मालिक से 10 हजार रुपये के बकाया वेतन को लेकर विवाद था। इसी नाराजगी में उसने आग लगाने की साजिश रची। घटना में 14 दुकानें प्रभावित हुईं और करीब 25 करोड़ रुपये का कपड़ा जलकर खाक होने की बात सामने आई है।

₹10 हजार के वेतन विवाद के बाद रची साजिश

पुलिस के अनुसार, विनोद सावले ने अप्रैल 2026 में 30 हजार रुपये मासिक वेतन पर अकाउंटेंट के तौर पर नौकरी शुरू की थी। काम को लेकर दुकान मालिक से विवाद के बाद उसने नौकरी छोड़ दी। आरोपी का दावा था कि उसका 10 हजार रुपये का भुगतान बकाया था। पुलिस का कहना है कि भुगतान नहीं होने से नाराज आरोपी ने आगजनी कर बदला लेने का फैसला किया।

CCTV से सामने आई आरोपी की पहचान

क्राइम ब्रांच की जांच में CCTV फुटेज और पुलिस के ‘विश्वास प्रोजेक्ट’ के जरिए आरोपी की पहचान की गई। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी राजस्थान और अयोध्या की ओर चला गया था। सूरत लौटने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक पेट्रोल से लगाई आग

जांच के अनुसार, आरोपी ने देवध गांव स्थित पेट्रोल पंप से करीब 150 रुपये का पेट्रोल लिया था। पुलिस का आरोप है कि उसने पेट्रोल को प्लास्टिक की थैली और बोतल में रखा और रात में मार्केट पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुंह ढककर मार्केट में इंतजार किया और रात करीब 12:30 बजे दुकान के बाहर रखे कपड़े के बॉक्स और पार्सल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

पहले भी की थी आग लगाने की कोशिश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने इससे पहले भी आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हुआ। इसके बाद कथित तौर पर उसने दोबारा साजिश को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर आगजनी से जुड़े अन्य तथ्यों और नुकसान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

About The Author

जुर्म