आगरा, 07 अक्टूबर। CEC Gyanesh Kumar: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास पर कालिख पोते जाने की घटना के बाद मंगलवार को शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं ने पीले वस्त्रों में कलश यात्रा निकाली और CEC के घर पहुंचकर गंगाजल का छिड़काव किया। इसके बाद आवास के बाहर सुंदरकांड का पाठ भी किया गया।
यह कार्यक्रम अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के अलावा समाज के लोग भी शामिल हुए।

पीले कपड़ों में महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय राधा-कृष्ण मंदिर से हुई। यहां से महिलाओं ने पीले वस्त्र पहनकर सिर पर कलश धारण कर यात्रा निकाली। शंखनाद, घंटे-घड़ियाल और जयकारों के बीच कलश यात्रा विजयनगर कॉलोनी स्थित ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पहुंची।
घर पहुंचने पर ज्ञानेश कुमार की मां सत्यवती ने कलश यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद पूरे परिसर में गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण की रस्म पूरी की गई। शुद्धिकरण के बाद घर के बाहर सुंदरकांड का पाठ शुरू हुआ, जिसमें परिवार, रिश्तेदार और स्थानीय लोग शामिल हुए।
CEC के पिता बोले- ‘सच क्या है, हर कोई जानता है’
कार्यक्रम के दौरान CEC ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके घर के बाहर प्रदर्शन और हंगामे से माहौल खराब किया गया था। उन्होंने कहा कि उसी स्थान की शुद्धि और शांति के लिए यह धार्मिक आयोजन किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम का उद्देश्य उनके बेटे को निशाना बनाना था। उन्होंने कहा कि झूठ को झूठ और सच को सच रहने दें।CEC की मां सत्यवती ने कहा कि 28 सितंबर को कुछ लोगों ने घर के बाहर आकर बदसलूकी की थी। उन्होंने बताया कि घर में अमन-ओ-अमान और बुजुर्गों की सेहत के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है।
कालिख पोतने के बाद बढ़ा था विवाद
गौरतलब है कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान मकान के मुख्य गेट पर कालिख पोतने की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। बाद में स्थानीय अदालत से उन्हें जमानत मिल गई।
दिल्ली तक पहुंचा सियासी विवाद
माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश मामा और कार्यक्रम संयोजक उपमा गुप्ता के मुताबिक यह आयोजन बुजुर्ग माता-पिता के स्वास्थ्य और घर की सुख-शांति के लिए किया गया। वहीं चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली में भी विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर राजनीतिक विवाद को और चर्चा में ला दिया है।

