Dantewada Naxal Operation: दंतेवाड़ा में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, AK-47-इंसास सहित हथियार और बम का डंप बरामद

Dantewada Naxal Operation: दंतेवाड़ा में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, AK-47-इंसास सहित हथियार और बम का डंप बरामद

दंतेवाड़ा, 07 अक्टूबर। Dantewada Naxal Operation: दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मंगनार समेत आसपास के जंगलों में सर्चिंग

पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को ग्राम मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान शुरू किया था। यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर चलाया गया।

कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच मिला डंप

6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे कोहकाबेड़ा और बुरदूम के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध डंप मिला। तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और नक्सलियों के उपयोग की अन्य सामग्री बरामद हुई।

AK-47 और इंसास समेत हथियार जब्त

पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में एक AK-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक BGL लांचर, एक .315 बोर बंदूक और छह भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा 9 BGL सेल, बड़ी संख्या में कारतूस, इंसास मैग्जीन और अन्य हथियार सामग्री भी बरामद की गई है।

बम और विस्फोटक सामग्री भी बरामद

सर्चिंग टीम को 2 टीफिन बम, 8 कूकर बम, 2 तीर बम और करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर भी मिला है। इसके साथ ही 20 वॉकी-टॉकी सेट, नक्सली वर्दी और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

नक्सल विरोधी अभियान जारी

दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार जंगल और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं अन्य सामग्री के डंप की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

छत्तीसगढ