बिलासपुर, 09 अक्टूबर। Bilaspur Judo Championship 2026: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर एवं कैडेट जूडो चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि डिजिटल दुनिया के खतरों से दूर रहने का बेहतरीन साधन खेल है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव मस्तिष्क ही AI को नियंत्रित कर सकता है।
16 जिलों के 350 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला खेल परिसर, सरकंडा, बिलासपुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वावधान में बिलासपुर जिला जूडो संघ द्वारा 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक 26वीं सब जूनियर एवं कैडेट बालक-बालिका जूडो चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों के लगभग 350 जूडो खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी और महासचिव शम्भू सोनी की ओर से संयुक्त सचिव अनीस मेमन ने आयोजन की जानकारी दी।
चार उभरती जूडो प्रतिभाओं का राज्यपाल ने किया सम्मान
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ की चार उभरती जूडो प्रतिभाओं को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इनमें कोंडागांव की हेमबती नाग और योगिता मंडावी तथा बिलासपुर की शारदा गोस्वामी और अभिषेक जायसवाल शामिल हैं। राज्यपाल ने तकनीकी टीम के सदस्यों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल बोले- आत्मरक्षा के लिए बालिकाओं के लिए उपयोगी है जूडो
अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने खिलाड़ियों को डिजिटल दुनिया के खतरों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को शारीरिक गतिविधियों तथा खेलों से जुड़ना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में मदद करते हैं, बल्कि डिजिटल दुनिया के दुष्प्रभावों से दूरी बनाने में भी उपयोगी हैं। उन्होंने विशेष रूप से जूडो को बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए उपयोगी खेल बताया और युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रशासनिक अधिकारी और खेल संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शम्भू सोनी और बिलासपुर जूडो संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला मंच पर उपस्थित रहे। स्वागत भाषण अरुण द्विवेदी ने दिया। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में जूडो के विकास के लिए शासन और प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के अंत में महासचिव शम्भू सोनी ने आभार व्यक्त किया। संघ की ओर से राज्यपाल को स्मृति चिह्न भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त जिला खेल अधिकारी सुशील मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न जिला जूडो संघों के पदाधिकारी, खेल प्रशिक्षक, निर्णायक मंडल के सदस्य और अन्य खेल प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

