BJP Mahila Morcha: रायपुर में BJP महिला मोर्चा का राजीव भवन घेराव; कांग्रेस सांसद पर लगे आरोपों को लेकर जोरदार प्रदर्शन

BJP Mahila Morcha: रायपुर में BJP महिला मोर्चा का राजीव भवन घेराव; कांग्रेस सांसद पर लगे आरोपों को लेकर जोरदार प्रदर्शन

रायपुर, 10 अक्टूबर। BJP Mahila Morcha: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सांसद पर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सांसद के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा।

रूपकुमारी चौधरी बोलीं- सांसद पर कार्रवाई करे कांग्रेस

रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपने नेताओं पर महिलाओं से दुर्व्यवहार के आरोप लगने पर मौन साध लेती है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने और देश की बेटियों से माफी मांगने की मांग की। चौधरी ने कहा कि यदि कांग्रेस ने कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा महिला मोर्चा इस मुद्दे पर संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगा। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग भी उठाई।

लक्ष्मी वर्मा ने की कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि छात्राओं से जुड़े आरोप गंभीर हैं और मामले में बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सांसद के खिलाफ कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर जवाबदेही जरूरी है। लक्ष्मी वर्मा ने रायपुर में हुए प्रदर्शन को कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये के खिलाफ विरोध बताया। उनके अनुसार, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मामले को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

विभा अवस्थी ने कांग्रेस नेतृत्व पर साधा निशाना

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने राहुल गांधी और कांग्रेस के महिला सशक्तीकरण से जुड़े दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व अपने सांसद पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। अवस्थी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और आत्मसम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक दलों को जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने महिला मोर्चा की ओर से कार्रवाई की मांग दोहराई।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

राजीव भवन घेराव कार्यक्रम में जांजगीर सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, महापौर मीनल चौबे, प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, तिलेश्वरी धुरंधर और महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन में महिला मोर्चा की जिला एवं मंडल स्तर की पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस से सांसद को पार्टी से निष्कासित करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। यह प्रदर्शन छात्राओं से जुड़े आरोपों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गया है।

About The Author

Raipur राजनीति