रायपुर, 11 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रायपुर के होटल बेबीलॉन इन, जेल रोड में ‘From Enterprise to Legacy’ बिजनेस लर्निंग एवं नेटवर्किंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों और उद्यमियों को बिजनेस ग्रोथ, कारोबार के विस्तार, ब्रांड बिल्डिंग और बिजनेस सक्सेशन प्लानिंग यानी व्यवसाय को अगली पीढ़ी तक सफलतापूर्वक हस्तांतरित करने के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक कारोबारी दौर में व्यापार को केवल वर्तमान मुनाफे तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। व्यापारियों को आधुनिक सोच, मजबूत रणनीति और भविष्य की तैयारी के साथ अपने कारोबार को एक व्यवस्थित एंटरप्राइज तथा स्थायी विरासत के रूप में विकसित करना चाहिए।

बिजनेस ग्रोथ और ब्रांड बिल्डिंग पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विक्रम लिमसे, डायरेक्टर पीएसएसी एंड एसोसिएट्स एवं फाउंडर, हेलिकॉन कंसल्टिंग ने कारोबार के विस्तार, ब्रांड बिल्डिंग और ग्रोथ स्ट्रैटेजी पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में केवल कारोबार बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत ब्रांड पहचान, प्रभावी प्रबंधन और स्पष्ट व्यावसायिक रणनीति भी जरूरी है। उन्होंने कारोबार को बड़े स्तर पर स्थापित करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप निर्णय लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।
अगली पीढ़ी को कारोबार सौंपने की योजना क्यों जरूरी?
सीए संजीव अग्रवाल, पार्टनर पीएसएसी एंड एसोसिएट्स ने बिजनेस सक्सेशन प्लानिंग पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि पारिवारिक व्यवसाय की दीर्घकालिक सफलता के लिए उत्तराधिकार की योजना समय रहते बनाना जरूरी है। जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण, संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करना और अगली पीढ़ी को कारोबार की जिम्मेदारी सौंपने की व्यवस्थित तैयारी व्यवसाय की निरंतरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
व्यापारियों के विकास के लिए चेम्बर की पहल
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज व्यापारियों की समस्याओं को उठाने के साथ-साथ उनके व्यावसायिक विकास और आधुनिक प्रबंधन की समझ बढ़ाने के लिए भी काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन व्यापारियों को विशेषज्ञों के अनुभव से सीखने, नई व्यावसायिक संभावनाओं को समझने और आपसी संवाद के माध्यम से नए अवसर विकसित करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यक्रम से प्रदेश के व्यापारी और उद्यमी लाभान्वित होंगे।
निकेश बरड़िया ने किया धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम के समापन पर चेम्बर के प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने मुख्य वक्ताओं, उपस्थित व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में योगदान देने वाली टीम और समिति के सदस्यों को भी धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने किया।
इस अवसर पर चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, वाइस चेयरमैन चेतन तारवानी, सलाहकार तिलोकचंद बरड़िया, अमर गिदवानी, किशोर आहूजा, चंदर विधानी, अरविंद जैन, संतोष जैन, लखमशी पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी, कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता सहित चेम्बर पदाधिकारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्यमी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि किसी व्यवसाय की सफलता केवल उसके विस्तार में नहीं, बल्कि उसकी मजबूत व्यवस्था, निरंतरता और आने वाली पीढ़ियों तक उसकी पहचान बनाए रखने में भी निहित है।

