Painful Student Death: महासमुंद के स्कूल में बड़ा हादसा! झूले की रस्सी में फंसा छात्र का गला; 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

Painful Student Death: महासमुंद के स्कूल में बड़ा हादसा! झूले की रस्सी में फंसा छात्र का गला; 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

महासमुंद, 17 अक्टूबर। Painful Student Death: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में दर्दनाक हादसा हो गया। बसना विकासखंड के मुड़ीडीह शासकीय प्राथमिक स्कूल परिसर में पेड़ से बंधी रस्सी के झूले में गला फंसने से चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप में प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

स्कूल परिसर में खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, तरुण चौहान शुक्रवार सुबह स्कूल समय से पहले परिसर में पहुंच गया था। स्कूल परिसर में एक पेड़ पर रस्सी बंधी थी, जिसका इस्तेमाल बच्चे झूला झूलने और उल्टा लटककर खेलने के लिए करते थे। इसी दौरान खेलते समय तरुण का गला रस्सी में फंस गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय स्कूल परिसर में कोई शिक्षक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। कुछ महिलाएं जब स्कूल परिसर पहुंचीं, तो उन्होंने बच्चे को रस्सी से लटका देखा। उन्होंने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। भंवरपुर चौकी प्रभारी अनंजना चंद्रा के मुताबिक, घटना सुबह की है। छात्र खेल रहा था, तभी रस्सी उसके गले में फंस गई। हादसे के समय स्कूल में कोई मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर दो शिक्षक सस्पेंड

हादसे को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने मुड़ीडीह शासकीय प्राथमिक स्कूल के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई जांच में दोनों शिक्षकों की जिम्मेदारी और लापरवाही के बिंदुओं की जांच की गई। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है।

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

महासमुंद के इस हादसे ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल परिसर की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल परिसर में बच्चों के खेलने की जगह, पेड़ों से बंधी रस्सियों और अन्य संभावित जोखिमों की जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

About The Author

छत्तीसगढ