रायपुर, 17 अक्टूबर। Durga Visarjan: राजधानी रायपुर में दशहरा उत्सव और दुर्गा माता की मूर्ति विसर्जन व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खारून नदी में दुर्गा माता की मूर्तियों के विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विसर्जन कुंड की व्यवस्था, सफाई, प्रकाश, पेयजल और अग्निशमन सहित अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कार्यों का विभाजन करते हुए समिति गठित की है।
20 अक्टूबर को रायपुर में होगा दशहरा उत्सव
20 अक्टूबर 2026 को रायपुर के विभिन्न स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख आयोजन रावणभाठा और डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में होंगे। इसके अलावा चौबे कॉलोनी, राजेन्द्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन कार्यक्रम होंगे। नगर निगम ने संबंधित जोन कमिश्नरों को कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, मार्गों की सफाई, स्थल समतलीकरण, अग्निशमन वाहन और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं। संबंधित जोन कमिश्नर अपने क्षेत्रों में नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
खारून नदी में मूर्ति विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन
नगर निगम के निर्देशों के अनुसार, दुर्गा माता की मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित विसर्जन कुंड में ही कराया जाएगा। खारून नदी में मूर्ति विसर्जन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थान पर रखा जाएगा। स्थायी विसर्जन कुंड से विसर्जित सामग्री, मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य अपशिष्ट 24 घंटे के भीतर बाहर निकालने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि जल प्रदूषण को रोका जा सके। इसके अलावा ध्वनि और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए रायपुर जिला प्रशासन तथा पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन कुंड की व्यवस्था के लिए समिति गठित
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा जारी आदेश के तहत विसर्जन कुंड और संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों की समिति बनाई गई है। समिति में शामिल अधिकारी व्यवस्थाओं का समन्वय और निगरानी करेंगे। समिति में प्रमुख रूप से ये अधिकारी शामिल हैं-
- विनोद पाण्डेय- अपर आयुक्त, नगर निगम रायपुर
- जसदेव सिंह बाबरा- उपायुक्त, स्वास्थ्य
- संतोष पाण्डेय- जोन कमिश्नर, जोन-2
- राकेश शर्मा- जोन कमिश्नर, जोन-5
- प्रीति सिंह- जोन कमिश्नर, जोन-6
- राजेश राठौर- प्रभारी अधीक्षण अभियंता
- नर सिंग फरेन्द्र- कार्यपालन अभियंता, जल
- संदीप शर्मा- कार्यपालन अभियंता, विद्युत
शामियाना, लाइट, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा के निर्देश
गठित समिति को विसर्जन कुंड स्थल पर शामियाना, प्रकाश व्यवस्था, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधाओं सहित जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। दशहरा कार्यक्रम स्थलों पर भी संबंधित जोन अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की इन तैयारियों का उद्देश्य दशहरा और दुर्गा विसर्जन के दौरान व्यवस्था बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना तथा खारून नदी को प्रदूषण से बचाना है।

