रायपुर, 23 अक्टूबर। Raipur Nagar Nigam: रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, राजस्व वसूली तेज करने और नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के बड़े बकायादारों से नियमानुसार सख्ती से वसूली की जाए। वहीं, 31 दिसंबर 2026 तक चालू वित्त वर्ष का पूरा संपत्तिकर जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 4 प्रतिशत छूट का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में हुई बैठक में आयुक्त ने सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सफाई से संबंधित जनशिकायतों के निराकरण और सफाई से पहले व बाद की तस्वीरों का अवलोकन किया। सभी जोन कमिश्नरों को शहर की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अवैध नल कनेक्शन होंगे नियमित
आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। बड़े बकायादारों से बकाया राशि की नियमानुसार सख्ती से वसूली करने और नामांतरण के प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार अर्थदंड लेकर नियमित करने, संबंधित उपभोक्ताओं पर जलकर निर्धारित करने और जलकर की वसूली करने के निर्देश भी दिए गए।
सफाई, स्ट्रीट लाइट और अवैध निर्माण पर भी फोकस
आयुक्त ने त्योहारों से पहले शहर की प्रकाश व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए। अवैध प्लॉटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। राजीनामा योग्य प्रकरणों में नियमानुसार राजीनामा और इसके योग्य नहीं पाए जाने वाले मामलों में प्रक्रिया के तहत अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शहर में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने तथा बेहतर रखरखाव करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ई-चालान कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।
जनशिकायतों और विकास योजनाओं की समीक्षा
आयुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से तय समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से काम में तेजी लाने और योजनाओं को शीघ्र पूरा करने को कहा। बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, रवि राही, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा सहित उपायुक्त, जोन कमिश्नर, विभागीय प्रभारी अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

