Surajpur Development : सूरजपुर को ₹232 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, प्रेमनगर में डोम, इंडोर स्टेडियम और सड़क बनेगी

Surajpur Development : सूरजपुर को ₹232 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, प्रेमनगर में डोम, इंडोर स्टेडियम और सड़क बनेगी

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। Surajpur Development : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 24.29 करोड़ रुपये के 63 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 208.20 करोड़ रुपये के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2.70 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की।

प्रेमनगर में डोम, इंडोर स्टेडियम और सड़क का निर्माण

मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर में मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 10, 11 व 12 से विश्रामगृह तक लगभग दो किलोमीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

जल संरक्षण में सूरजपुर प्रदेश में पहले स्थान पर

मुख्यमंत्री ने जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर जिले के प्रदेश में प्रथम और देश में चौथे स्थान पर रहने पर जिला प्रशासन और नागरिकों को बधाई दी। जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के 2,212 कार्यों पर 130.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने का लक्ष्य है।

किसानों के लिए धान खरीदी और सिंचाई पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। सरकार के अनुसार, किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र भी स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया और कहा कि प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं तथा पुरानी योजनाओं के मरम्मत कार्यों के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।

महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए योजनाएं

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बढ़ी हुई पारिश्रमिक दर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को आवास और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ वनांचल के परिवारों की आय बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से सरकारी सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाया जा रहा है। उन्होंने अंजोर विजन 2047 के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी नागरिकों की सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

About The Author

छत्तीसगढ