रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। ED Investigation : छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार सुबह ED की अलग-अलग टीमें राजधानी रायपुर के कई ठिकानों पर पहुंचीं। इस दौरान शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के आवास पर भी अधिकारियों ने दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रायपुर में 3 से 4 स्थानों पर जांच की जा रही है।
सुबह-सुबह पहुंची ED की टीमें
शुक्रवार सुबह से ही ED के अधिकारी अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं। अनवर ढेबर के घर के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान क्या-क्या जांच के दायरे में आया है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
ED की ओर से अभी तक छापेमारी के कारण और जांच से जुड़े तथ्यों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि अधिकारियों को क्या जानकारी या दस्तावेज मिले हैं।
नितिन डागा और गुलशन बघेल के ठिकानों पर भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले ED ने रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला और दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में भी छापेमारी की थी। रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर अधिकारी दो गाड़ियों से पहुंचे थे और वहां दस्तावेजों की जांच की थी।
वहीं, दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी ED ने जांच की थी। बताया गया था कि करीब 10 सदस्यीय टीम सुबह 6 बजे ऋषभ ग्रीन सिटी के E-701 स्थित उनके घर पहुंची और दस्तावेज खंगाले थे।
राजधानी में शुक्रवार को हुई ताजा कार्रवाई के बाद ED की जांच को लेकर हलचल तेज है। हालांकि, छापेमारी से जुड़े विस्तृत तथ्यों की पुष्टि अभी बाकी है।

